फोटो। एजीएम में मौजूद किसान एवं कृषक महिलाएं

उठाला माता एफपीसी की वार्षिक बैठक में किसानों के हित में बड़े फैसले

खेरोदा, 30 सितंबर 2026: उठाला माता फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की वार्षिक साधारण सभा (AGM) बुधवार को खेरोदा में सफलता पूर्वक संपन्न हुई। इस बैठक में कंपनी के निदेशक मंडल और बड़ी संख्या में किसान शेयरधारकों ने भाग लिया, जिसमें कंपनी की प्रगति और आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 की समीक्षा

बैठक की शुरुआत में वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन, आय-व्यय का ब्यौरा और ऑडिटेड वित्तीय विवरण सभी शेयरधारकों के समक्ष प्रस्तुत किए गए। कंपनी ने पिछले वर्ष में किए गए कार्यों की समीक्षा की, जिसमें किसानों को बीज, खाद और बाजार से जोड़ने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला गया।

2026-27 के लिए बनाई गई कार्ययोजना

  • खुद के ब्रांड से आटा लॉन्च: कंपनी ने अपने स्वयं के ब्रांड नाम से आटा बाजार में उतारने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत, किसानों से सीधे MSP से ऊपर दाम पर गेहूं की खरीद की जाएगी, फिर आधुनिक मिल में प्रोसेसिंग, आकर्षक पैकेजिंग और स्थानीय बाजार, मंडियों और किराना स्टोर्स पर विपणन किया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर दाम और उपभोक्ताओं को शुद्ध आटा मिलेगा।
  • 750 शेयरधारक का लक्ष्य: वर्तमान में कंपनी से जुड़े किसानों की संख्या बढ़ाकर 750 करने का लक्ष्य रखा गया है। छोटे और सीमांत किसानों को एफपीसी से जोड़ने पर जोर रहेगा।
  • रबी सीजन की तैयारी: रबी सीजन के लिए किसानों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाले गेहूं, चना, सरसों के प्रमाणित बीज, खाद और कृषि इनपुट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया ताकि बुवाई में देरी न हो।
  • अनुशासन पर सख्ती: जो निदेशक लगातार बैठकों में भाग नहीं ले रहे हैं और कंपनी के कार्यों में सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे हैं, उनके विरुद्ध कंपनी अधिनियम के नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
  • प्रबंधन और इक्विटी ग्रांट: प्रबंधन लागत को कम करने और सरकार से मिलने वाली इक्विटी ग्रांट के कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर भी चर्चा हुई।

अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे कंपनी को मजबूत कर वल्लभनगर,खेरोदा क्षेत्र के किसानों को आत्मनिर्भर बनाएंगे और बिचौलियों को खत्म कर सीधा बाजार उपलब्ध कराएंगे।