62.93 करोड़ के साथ झाला सबसे आगे: उदयपुर जिला परिषद चुनाव में करोड़पतियों की फौज

उदयपुर, 14 अक्टूबर (MBC24News): उदयपुर जिले में लोकतंत्र का महा उत्सव चरम पर है। जिला परिषद के 47 वार्डों में हो रहे चुनावों में इस बार जनता के सामने करोड़पतियों की पूरी फौज खड़ी है। नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशियों के द्वारा दाखिल किए गए शपथ पत्र और संपत्ति के ब्योरों ने सबको चौंका दिया है।निर्वाचन विभाग को सौंपे गए हलफनामों के अनुसार, जिले के कई दिग्गज नेताओं ने करोड़ों की संपत्ति घोषित की है। इनमें सबसे प्रमुख नाम भाजपा के कद्दावर नेता हिम्मतसिंह झाला का है।

कौन कितना करोड़पति?

हिम्मतसिंह झाला (भाजपा): 62.93 करोड़ रुपए

  • जिला परिषद चुनाव में सबसे अमीर प्रत्याशी के रूप में उभरे हैं। उनके द्वारा घोषित चल-अचल संपत्ति का कुल आंकड़ा 62.93 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। इसमें कृषि भूमि, आवासीय प्लॉट, वाहन और बैंक जमा शामिल हैं।

चंद्रगुप्त सिंह चौहान (भाजपा): 12.51 करोड़ रुपए

  • भाजपा के देहात पूर्व जिलाध्यक्ष रहे चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने 12.51 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं।

नानालाल अहारी (पूर्व विधायक): 8.58 करोड़ रुपए

  • खेरवाड़ा के पूर्व विधायक और जनजातीय नेता नानालाल अहारी ने 8.58 करोड़ रुपए की संपत्ति का ब्योरा दिया है। उनका जनाधार ग्रामीण क्षेत्रों में काफी मजबूत माना जाता है।

लालसिंह झाला (कांग्रेस): 3.99 करोड़ रुपए

  • कांग्रेस प्रत्याशी लालसिंह झाला ने 3.99 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। कांग्रेस खेमे में वे प्रमुख दावेदारों में से एक हैं।

कुल 47 वार्ड

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, उदयपुर जिला परिषद के 47 वार्डों के लिए कुल 94 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों की ओर से प्रस्तुत हलफनामों में दर्ज संपत्ति के आंकड़े उनके द्वारा घोषित विवरण पर ही आधारित हैं।

क्यों अहम है ये चुनाव?

जिला परिषद चुनाव को पंचायती राज की सबसे बड़ी लड़ाई माना जाता है। यहीं से गांव-ढाणी के विकास की योजनाएं तय होती हैं। करोड़ों की संपत्ति वाले प्रत्याशियों के मैदान में होने से इस बार चुनाव में धनबल और जनबल दोनों की परीक्षा होगी।ग्रामीण क्षेत्रों में चर्चा है कि इतनी बड़ी संपत्ति वाले नेता अगर चुनकर आते हैं तो वे क्षेत्र के विकास के लिए क्या नया विजन लेकर आएंगे। यह देहात क्षेत्र के वार्डों में आम चर्चा का विषय बना हुआ है।MBC24News की अपील: मतदाता अपने प्रत्याशी का चयन उसकी संपत्ति नहीं, बल्कि उसके काम और व्यवहार को देखकर करें। योग्य उम्मीदवार का चयन करें और मतदान का सही प्रयोग करें।