उदयपुर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में चल रहे विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत राजस्व विभाग ने बड़ी पहल की है। जिले में 26 से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गिरदावर सर्किल (भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त) मुख्यालय पर विशेष जनसेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में उपखंड अधिकारियों को शिविरों के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिविरों का समय प्रातः 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक अथवा कार्य समाप्ति तक रहेगा।

क्या है गिरदावर सर्किल?
एक गिरदावर सर्किल में 5 से 6 पटवार सर्किल शामिल होते हैं। यह भू-अभिलेख निरीक्षक का कार्यक्षेत्र होता है जो पटवारियों के कार्यों की निगरानी और जमीन से जुड़े विवादों की जांच करता है।

*शिविरों में होंगे ये प्रमुख कार्य:*
- राजस्व अभिलेख और खातों का शुद्धिकरण
- आपसी सहमति से खातों का विभाजन (बंटवारा)
- रास्ते से जुड़े विवादों का निस्तारण
- नामांतरण (म्यूटेशन) संबंधी प्रकरण
- सरकारी, चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाना
- भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन
- सीमाज्ञान और पत्थरगढ़ी
- जाति, मूल निवास, हैसियत प्रमाण-पत्र
- फार्मर रजिस्ट्री

विभाग के अनुसार पूर्व में ग्रामीण सेवा शिविर और सेवा सेतु अभियान में लटके मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाएगा। शिविरों की मॉनिटरिंग के लिए आईटी विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर दैनिक रिपोर्ट अपलोड होगी और सभी दस्तावेजों पर विकसित भारत जन सेवा अभियान 2026 की विशेष मोहर लगेगी।

सरकार ने राजस्व अधिकारियों को दी गई शक्तियों की अवधि भी 28 सितंबर तक बढ़ा दी है ताकि शिविर बिना बाधा के पूरे हो सकें।