महाकाल के दरबार में भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षद, जीत के बाद लिया आशीर्वाद

निंबाहेडा नगर परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली बड़ी जीत के बाद भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों एवं सभापति प्रत्याशी शिल्पा भूतड़ा ने बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई। सभी पार्षदों ने उज्जैन पहुंचकर भगवान श्री महाकाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

आस्था और कृतज्ञता का भाव

चुनाव परिणाम के बाद पार्षदों का महाकाल मंदिर पहुंचना आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक रहा। पार्षदों ने बाबा महाकाल से नगर के सुख, समृद्धि, सर्वांगीण विकास और जनसेवा के संकल्प को पूरा करने के लिए आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर में "हर हर महादेव" और "जय श्री महाकाल" के जयघोष गूंज उठे।

जनसेवा के संकल्प को मिलेगी नई ऊर्जा

दर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगरवासियों की खुशहाली और जनहित के कार्यों को नई गति देने की कामना की। सभापति प्रत्याशी शिल्पा भूतड़ा और नवनिर्वाचित पार्षदों ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा को नगर परिषद की जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को हम विकास और जनसेवा के कार्यों के माध्यम से और मजबूत करेंगे। नगर के विकास और आमजन की अपेक्षाओं को हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा नगर निकाय चुनाव संयोजक उमेश तोतला, सह-संयोजक मोतीलाल आहूजा, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पूर्व नगर महामंत्री वीरेश चपलोत, नगर महामंत्री कमलेश बनवार, भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ जिला सह-संयोजक विशाल सोनी, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राठौड़ सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।